करोड़ों की निवेश ठगी का आरोपी गिरफ्तार, ऐरिना कैपीटल का संचालक पुलिस के शिकंजे में

शेयर ट्रेडिंग में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर निवेशकों से करोड़ों रुपये ऐंठने का आरोप, लंबे समय से था फरार

करोड़ों की निवेश ठगी का आरोपी गिरफ्तार, ऐरिना कैपीटल का संचालक पुलिस के शिकंजे में

भिलाई। शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर मोटा मुनाफा और राशि दोगुनी करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में फरार चल रहे ऐरिना कैपीटल के संचालक योगेश साहू को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मैत्री विहार राधिका नगर निवासी राजू नामदेव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ऐरिना कैपीटल के संचालक और उसके सहयोगियों ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश कराने के नाम पर उनसे 15 लाख रुपये निवेश कराए। शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए कुछ राशि मुनाफे के रूप में लौटाई गई, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी और उसके साथियों ने इसी तरह कई अन्य निवेशकों से भी करोड़ों रुपये की ठगी की है। आरोपी के खिलाफ थाना सुपेला और चौकी स्मृति नगर में पहले से भी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं।

विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे योगेश साहू (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(4) और 61(2) के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले संस्था की वैधानिकता और पंजीयन की जांच अवश्य करें। कम समय में अधिक मुनाफा या राशि दोगुनी करने जैसे प्रलोभनों से बचें और किसी भी वित्तीय धोखाधड़ी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

▪️ घटनास्थल :

ऐरिना कैपीटल कार्यालय, सड़क क्रमांक-24, स्मृति नगर, सुपेला, जिला दुर्ग।

▪️ आरोपी का नाम :

1. योगेश साहू, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम खम्हरिया, थाना पाटन, हाल पता पामवुड रेसिडेंसी, कातुलबोर्ड, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग।