मुंबई एयरपोर्ट पर 5 करोड़ का सोना जब्त, 3 कर्मचारी समेत 7 गिरफ्तार

मुंबई। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने "ऑपरेशन गोल्डन नेक्सस" के तहत मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बड़े अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में करीब 3.2 किलो विदेशी मूल का 24 कैरेट सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में एयरपोर्ट के तीन कर्मचारियों सहित कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

डीआरआई को सूचना मिली थी कि एयरपोर्ट के कुछ कर्मचारी बैंकॉक से आने वाले बांग्लादेशी और श्रीलंकाई ट्रांजिट यात्रियों से तस्करी का सोना लेकर उसे एयरपोर्ट परिसर से बाहर स्थानीय नेटवर्क तक पहुंचा रहे हैं। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने जाल बिछाया और तीन कर्मचारियों को सोने की खेप बाहर ले जाते समय पकड़ लिया। गिरफ्तार कर्मचारियों में दो बस चालक और एक कोच मॉनिटर शामिल हैं।
जांच आगे बढ़ाने पर डीआरआई ने तीन ट्रांजिट यात्रियों को भी हिरासत में लिया। इनमें एक बांग्लादेशी और दो श्रीलंकाई नागरिक शामिल हैं, जो कनेक्टिंग फ्लाइट से दूसरे देशों के लिए रवाना होने वाले थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यात्रियों ने सोने को शरीर के भीतर छिपाकर भारत में तस्करी के जरिए पहुंचाया था।

अधिकारियों ने 24 कैरेट सोने की धूल (वैक्स फॉर्म) के रूप में कुल 3.2 किलोग्राम सोना बरामद किया। सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत सोना जब्त कर लिया गया है। मामले में तीन ट्रांजिट यात्री, तीन एयरपोर्ट कर्मचारी और एक स्थानीय रिसीवर समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
डीआरआई के अनुसार, कार्रवाई से पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। एजेंसी ने इसे अपनी खुफिया जानकारी, त्वरित कार्रवाई और संगठित तस्करी गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता बताया है।
