प्रेम प्रसंग के विवाद में कैफे के बाहर युवक पर हमला, 5 नाबालिग समेत 6 गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था मारपीट का वीडियो

भिलाई। नेहरू नगर स्थित एक कैफे के बाहर युवक और उसके चचेरे भाई के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक और पांच अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ बलवा, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी की करीब एक वर्ष पहले एक युवती से मित्रता थी, लेकिन बाद में दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी। 5 जून को उसे एक युवक का फोन आया, जिसने खुद को युवती का बॉयफ्रेंड बताते हुए मिलने के लिए कहा। प्रार्थी के मना करने के बावजूद उसे दोबारा फोन कर 6 जून की रात मिलने के लिए बुलाया गया।

रात करीब साढ़े नौ बजे प्रार्थी अपने चचेरे भाई के साथ नेहरू नगर स्थित अमनिक कैफे पहुंचा। वहां पहले से मौजूद मनजोत सिंह और उसके साथियों ने बातचीत के दौरान गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और प्लास्टिक पाइप से हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद सुपेला थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी पंकज विश्वकर्मा (21) निवासी कातुलबोर्ड मिलन चौक, दुर्ग तथा पांच अपचारी बालकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त प्लास्टिक पाइप भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक मारपीट की वजह पुरानी जान-पहचान को लेकर उपजा विवाद और आपसी रंजिश बताई जा रही है। सभी आरोपियों को न्यायालय एवं किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।
