पुलगांव में एक्टिवा चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, वाहन बरामद

भिलाई। थाना पुलगांव पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की एक्टिवा बरामद कर ली है। मामला देसी शराब भट्टी गेट के पास का है, जहां खड़ी वाहन को अज्ञात आरोपी ने पार कर दिया था।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सोनू श्रीवास (32 वर्ष), निवासी मीनाक्षी नगर, थाना पद्मनापुर ने 17 फरवरी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे शाम करीब 4 से 4.30 बजे के बीच अपनी एक्टिवा क्रमांक सीजी 07 बीक्यू 0204 को देसी शराब भट्टी गेट के पास खड़ी कर शराब खरीदने गए थे। लौटने पर वाहन गायब मिला। रिपोर्ट के आधार पर थाना पुलगांव में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय संदिग्धों पर नजर रखी।

इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर देवनाथ निषाद उर्फ बबला (36 वर्ष), निवासी पोटिया कला शीतला मंदिर के पास, पुलगांव को पुलगांव चौक से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी की गई एक्टिवा को गौठान पारा, पुलगांव तालाब के पास छिपाकर रखा गया है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गवाहों की उपस्थिति में वाहन एक्टिवा क्रमांक सीजी 07 बीक्यू 0204 को जब्त कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।