महादेव-त्रिशूल और नामों के गोदने से पहचान की कोशिश, शरीर पर लगे कीड़े, सुपेला अंडरब्रिज के पास मिली अज्ञात महिला की लाश




भिलाई। सुपेला अंडरब्रिज के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव बोरे में बंद अवस्था में मिला है। सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार शव दो से तीन दिन पुराना है। शरीर में कीड़े लग चुके हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि हत्या कर शव को छिपाने के उद्देश्य से यहां फेंका गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

महिला की पहचान के लिए पुलिस ने कुछ विशेष निशानों की जानकारी जारी की है। महिला के बाएं हाथ पर महादेव और त्रिशूल का गोदना है, जिसमें नग स्टार बने हुए हैं। महादेव के नीचे लखन, सुरेश, बी एम और आरती नाम का गोदना है। बाएं हाथ की तर्जनी उंगली के पीछे अंग्रेजी अक्षर A गुदा हुआ है। बायीं कलाई में काला धागा बंधा है और सफेद व आसमानी रंग की तीन चूड़ियां पहनी हुई हैं। दायीं कलाई में एक आसमानी-सफेद चूड़ी है।

दोनों पैरों के अंगूठों में लोहे की रिंग पहनी हुई है। दाएं कान में टॉप्स हैं। महिला ने फिरोजा रंग का पेटीकोट पहन रखा था।पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को महिला के संबंध में कोई भी जानकारी हो तो नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर के मोबाइल नंबर 8878505555 या थाना प्रभारी सुपेला के नंबर 7988522909 पर तत्काल सूचना दें।
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।


