नकली पायल देकर ज्वेलरी दुकान में ठगी, अंतर्राज्यीय गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, रेलवे स्टेशन से दबोचे गए आरोपी

नकली पायल देकर ज्वेलरी दुकान में ठगी, अंतर्राज्यीय गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। नकली धातु के पायल को असली चांदी का बताकर ज्वेलरी दुकान संचालक से ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धोखाधड़ी में लिया गया एक जोड़ी चांदी का पायल और खरीद रसीद जब्त की है।

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के परेतीन चौक स्थित एक ज्वेलरी दुकान का है। जानकारी के मुताबिक, 7 मई को मधुबन वाटिका खंडेलवाल कॉलोनी निवासी आशीष जैन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि दो युवक उनकी दुकान में पहुंचे और पुराने चांदी के पायल व कड़ा दिखाकर उसे असली बताया। आरोपियों ने पुराने जेवर के बदले नया चांदी का पायल लिया और अंतर की राशि 2200 रुपए जमा कर दुकान से चले गए।

रात में दुकान बंद करते समय जब पुराने पायल की जांच की गई तो वह नकली धातु का निकला। शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, आधार कार्ड और मुखबिर सूचना के आधार पर रेलवे स्टेशन परिसर में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने नकली पायल देकर असली चांदी का पायल लेने की बात स्वीकार कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश साहू निवासी अशोकनगर और प्रदीप श्रीवास्तव निवासी अशोकनगर, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया है।