दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: देशी कट्टा और 2 लाख नकद के साथ आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: देशी कट्टा और 2 लाख नकद के साथ आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। कुम्हारी थाना पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और 2 लाख रुपये नकदी के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक 5 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खारून नदी के पास रेलवे ब्रिज के नीचे एक व्यक्ति अवैध देशी कट्टा और नगदी के साथ खड़ा है और बिक्री की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।

पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अविनाश आष्टिकर (53 वर्ष), निवासी कबीर नगर, रायपुर बताया। तलाशी में उसके पास से एक लोहे का देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, 2 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। आरोपी के पास हथियार और रकम से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद पुलिस ने सभी सामग्री जब्त कर ली। इस मामले में थाना कुम्हारी में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।