नहर किनारे चल रहा था अवैध शराब का धंधा, पुलिस ने 2 कोचियों को दबोचा
30 पौवा देशी शराब और नकदी बरामद, आनंद ढाबा के पीछे गिरहोला में कार्रवाई

भिलाई। दुर्ग जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नंदिनी नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब कोचियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 30 पौवा देशी शराब और नगदी रकम जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आनंद ढाबा के पीछे नहर किनारे ग्राम गिरहोला में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को शराब बेचते हुए पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम कुमार टंडन (30 वर्ष) और समीर बंजारे (21 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम गिरहोला के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 30 पौवा देशी मदिरा और कुल 4,300 रुपए की नगदी बरामद की गई। जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध रूप से शराब बेचकर आर्थिक लाभ कमा रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
