अवैध कॉलोनियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, 16 मकान ढहाए गए, 10 एकड़ जमीन कब्जा मुक्त

अवैध कॉलोनियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, 16 मकान ढहाए गए, 10 एकड़ जमीन कब्जा मुक्त

रायपुर। रायपुर नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध कॉलोनियों और कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बोरिया खुर्द, न्यू संतोषी नगर और दुर्गा विहार क्षेत्र में अवैध रूप से बने 16 मकानों पर बुलडोजर चलाकर उसे जमींदोज कर दिया गया। साथ ही 10 एकड़ में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को भी रोकते हुए जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया। जानकारी के अनुसार, कुछ बिल्डरों द्वारा कृषि भूमि पर गुपचुप तरीके से अवैध निर्माण किया जा रहा था और मकान बेचने की तैयारी थी। जैसे ही प्रशासन को इसकी भनक लगी, निगम और तहसील प्रशासन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुलडोजर रवाना किया और निर्माणों को ढहा दिया।

नगर निगम आयुक्त के अनुसार, 25 एकड़ से ज्यादा भूमि पर अवैध कॉलोनियों का जाल फैलाया जा चुका था। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे मामलों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी और किसी को भी शहर की प्लानिंग के खिलाफ निर्माण करने की छूट नहीं दी जाएगी। अवैध निर्माणों पर की गई इस कार्रवाई से बिल्डरों और प्लॉटिंग माफिया में खलबली मच गई है। साथ ही निगम ने आम नागरिकों को भी चेताया कि किसी भी प्रॉपर्टी की खरीदारी से पहले उसकी वैधता की जांच-पड़ताल जरूर करें, ताकि धोखाधड़ी का शिकार न हों।

इस कार्रवाई में वालफोर्ट ग्रुप के पंकज लाहोटी, महेश धनगर, योगेन्द्र वर्मा और देवांगन नामक बिल्डरों के नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि पंकज लाहोटी के 5 एकड़ के प्रोजेक्ट को भी बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। इसके अलावा 8 एकड़ में की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर भी रोक लगाई गई और स्थल को सील कर दिया गया। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि ये सभी निर्माण कार्य बिना अनुमोदन, बिना कॉलोनाइजर लाइसेंस और बिना डायवर्शन के किए जा रहे थे। साथ ही मकान खरीदारों को गुमराह कर कृषि भूमि पर रिहायशी निर्माण बेचा जा रहा था, जो पूरी तरह से अवैध है।