भिलाई में गुम मोबाइल से UPI फ्रॉड: 1.23 लाख ट्रांसफर करने वाला आरोपी बिहार से गिरफ्तार

भिलाई में गुम मोबाइल से UPI फ्रॉड: 1.23 लाख ट्रांसफर करने वाला आरोपी बिहार से गिरफ्तार

भिलाई। थाना छावनी क्षेत्र में गुम हुए मोबाइल फोन का दुरुपयोग कर फोन-पे UPI के जरिए 1,23,900 रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने बिहार के कैमूर जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420, 34 भादवि के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी संतोष कुमार ने दिनांक 06 मार्च 2024 को थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका एमआई कंपनी का मोबाइल फोन गुम हो गया था। मोबाइल में जियो और आइडिया कंपनी के सिम लगे हुए थे। इसी गुम मोबाइल का गलत इस्तेमाल करते हुए अज्ञात व्यक्ति ने फोन-पे UPI के माध्यम से अलग-अलग लेन-देन कर कुल 1,23,900 रुपये किसी अन्य बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए।

मामले की रिपोर्ट पर थाना छावनी में अपराध क्रमांक 90/2024 दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने बैंक से प्राप्त तकनीकी जानकारी के आधार पर ट्रांसफर की गई राशि वाले खाते की जांच की, जिसमें वह खाता सचिन किसपोट्टा (32 वर्ष), निवासी जिला कैमूर (बिहार) के नाम से संचालित होना पाया गया।

इसके बाद पुलिस टीम को बिहार रवाना किया गया, जहां से आरोपी को विधिवत हिरासत में लेकर दुर्ग लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने UPI धोखाधड़ी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

पुलिस ने विवेचना के दौरान संबंधित बैंक खाता और डिजिटल लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में थाना छावनी पुलिस स्टाफ की तकनीकी साक्ष्य आधारित सक्रिय भूमिका रही।