आपसी विवाद के दौरान की गई मारपीट से युवक की मौत, दो आरोपी गिरफ्तर

आपसी विवाद के दौरान की गई मारपीट से युवक की मौत, दो आरोपी गिरफ्तर

भिलाई। दुर्ग जिले के अण्डा थाना क्षेत्र से एक गंभीर वारदात सामने आई है, जहां मामूली आपसी विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार दोनों आरोपियों को महज तीन घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

घटना 12 अप्रैल 2026 की रात करीब 10 बजे की है। ग्राम खाड़ा के स्कूल पारा में रहने वाले शम्भू निषाद उर्फ देवचरण, उम्र लगभग 45 वर्ष, अपने गांव आए हुए थे। इसी दौरान उनका गांव के ही संतोष कुमार यादव उम्र 44 वर्ष, और रोहित कुमार यादव उम्र 42 वर्ष के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने मिलकर शम्भू निषाद के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। हाथ-मुक्कों और लातों से की गई इस पिटाई में शम्भू को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।

परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल दुर्ग लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान 13 अप्रैल को डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों की रिपोर्ट पर थाना अण्डा में हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत टीम गठित की और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। त्वरित घेराबंदी करते हुए पुलिस ने संतोष कुमार यादव को कुथरेल क्षेत्र से और रोहित कुमार यादव को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।