शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो युवक पर चाकूनुमा हथियार से हमला, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। पुलगांव थाना अंतर्गत चौकी जेवरा सिरसा पुलिस ने तालाब किनारे एक युवक पर धारदार हथियार से हमला करने वाले आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार 21 जुलाई की शाम करीब 6:10 बजे ग्राम जेवरा निवासी परमेश्वर ढीमर अपने साथियों के साथ गांव के तालाब किनारे बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव का ही निवासी दुलेश्वर टंडन उर्फ दुलरवा (23 वर्ष) वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा।
जब परमेश्वर ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी आगबबूला हो गया। उसने पहले गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद अपने पास रखे धारदार बटनदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में परमेश्वर ढीमर के बाएं जांघ के पीछे, सीने और बाएं हाथ की उंगली में चोटें आईं। घायल की शिकायत पर चौकी जेवरा सिरसा में अपराध क्रमांक 666/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हथियार बरामद
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और चंद घंटों के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक नग धारदार बटनदार हथियार भी जब्त किया गया।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 119(1), 118(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
