पटाखे जैसी आवाज निकालने वाली बुलेट पर पुलिस की कार्रवाई, ₹5000 का चालान

दुर्ग। दुर्ग पुलिस के ऑपरेशन विश्वास अभियान के तहत थाना उतई पुलिस ने मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले एक बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत 5 हजार रुपये का चालान किया है।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 MT 5272 के चालक ने अपनी बुलेट बाइक में प्रतिबंधित मोडिफाइड साइलेंसर लगा रखा है। साइलेंसर से पटाखों जैसी तेज आवाज निकल रही थी, जिससे आम नागरिकों को परेशानी हो रही थी और ध्वनि प्रदूषण भी फैल रहा था।
सूचना की पुष्टि के बाद कार्रवाई
सूचना का सत्यापन करने के बाद थाना उतई पुलिस ने वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184A(4) के तहत कार्रवाई की। पुलिस ने चालक पर ₹5,000 का चालान लगाया। पुलिस के अनुसार वाहन चालक की पहचान यश कुमार मंडावी (22 वर्ष) निवासी रिसाली, भिलाई के रूप में हुई है।

भविष्य के लिए दी गई समझाइश
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन चालक को भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने और वाहन में केवल मानक साइलेंसर का उपयोग करने की समझाइश दी। साथ ही चेतावनी दी गई कि दोबारा नियमों का उल्लंघन करने पर और कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में प्रतिबंधित मोडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न करें। ध्वनि प्रदूषण फैलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान चलाकर कार्रवाई जारी रहेगी।
