पीएम आवास हितग्राहियों की बेटियों की शादी पर मिलेगा मुफ्त गैस कनेक्शन, विधायक रिकेश सेन की घोषणा

10 अगस्त से शुरू होगी योजना, नवविवाहित दंपत्ति को गैस सिलेंडर और चूल्हा भी मिलेगा नि:शुल्क

पीएम आवास हितग्राहियों की बेटियों की शादी पर मिलेगा मुफ्त गैस कनेक्शन, विधायक रिकेश सेन की घोषणा

भिलाई नगर। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रिकेश सेन ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के लिए एक नई सामाजिक कल्याणकारी योजना की घोषणा की है। अब पीएम आवास प्राप्त करने वाले परिवारों में बेटी के विवाह पर नवविवाहित दंपत्ति को नि:शुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के तहत एक गैस सिलेंडर और एक गैस चूल्हा भी मुफ्त दिया जाएगा। इसका शुभारंभ 10 अगस्त से किया जाएगा।

विधायक रिकेश सेन ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को विवाह के बाद नए गृहस्थ जीवन की शुरुआत में सहायता प्रदान करना इस योजना का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ईंधन का उपयोग महिलाओं के स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर जीवन स्तर से जुड़ा हुआ है, इसलिए यह पहल सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।

विधायक ने बताया कि वैशाली नगर विधानसभा में जनहित से जुड़ी कई योजनाएं पहले से संचालित की जा रही हैं। एक रुपये में चश्मा उपलब्ध कराने की योजना के माध्यम से हजारों लोगों को लाभ मिला है। वहीं मां-शिशु सुरक्षा कवच योजना के तहत नवजात शिशुओं और माताओं को आवश्यक सामग्री से युक्त सुरक्षा किट प्रदान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देकर क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों तक सीधा लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में बेटियों के विवाह पर नि:शुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की यह योजना शुरू की जा रही है।

स्थानीय नागरिकों ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि विवाह के समय मिलने वाली यह सुविधा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। इससे नवविवाहित जोड़ों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक रसोई की शुरुआत करने में मदद मिलेगी।

विधायक रिकेश सेन ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू कर पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाना है। 10 अगस्त से शुरू होने वाली यह योजना वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के अनेक परिवारों के लिए लाभदायक साबित होने की उम्मीद है।