होटल, लॉज, ढाबों और किरायेदारों का होगा सघन सत्यापन, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के लिए टोल फ्री नंबर जारी
धमतरी में सुरक्षा का नया ब्लूप्रिंट, पुलिस ने जनप्रतिनिधियों के साथ बनाई निगरानी व्यवस्था

धमतरी। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने होटल, ढाबा, लॉज, धर्मशाला और किरायेदार सत्यापन अभियान को नई गति दी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर जिलेभर में बाहरी व्यक्तियों, संदिग्ध किरायेदारों, अवैध प्रवासियों और असामाजिक तत्वों की पहचान एवं सत्यापन के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय एवं नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी ने नगर निगम के सभापति, एल्डरमेन, पार्षदों, सरपंचों, कोटवारों और अन्य संबंधित हितधारकों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था को जनसहभागिता के माध्यम से मजबूत बनाने की रणनीति तैयार की।

बैठक में अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है। पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय तथा त्वरित सूचना तंत्र के माध्यम से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्रों में निवास प्रमाण पत्रों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखें, नए और संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा धमतरी पुलिस द्वारा जारी जनजागरूकता पोस्टरों और टोल फ्री नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार करें।
पुलिस ने राइस मिल, फैक्ट्री, पोल्ट्री फार्म, निर्माण कार्यों से जुड़े ठेकेदारों और अन्य संस्थानों को अपने कर्मचारियों एवं मजदूरों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं मकान मालिकों से भी किरायेदारों का सत्यापन कराने की अपील की गई है।
बैठक में होटल, लॉज और धर्मशाला संचालकों को प्रत्येक आगंतुक का वैध पहचान पत्र लेकर उसका रिकॉर्ड संधारित करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा फेरीवालों, घूमंतू साधुओं, बर्तन या सोना चमकाने वाले व्यक्तियों जैसी भ्रमणशील गतिविधियों पर भी निगरानी रखने की बात कही गई।
धमतरी पुलिस ने अवैध प्रवासियों, संदिग्ध व्यक्तियों और अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया है। पुलिस का कहना है कि इस नंबर पर मिलने वाली हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने नशामुक्ति अभियान, अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, होटल-लॉज जांच और किरायेदार सत्यापन अभियान की सराहना करते हुए पुलिस को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षित, अपराधमुक्त और नशामुक्त धमतरी के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
