महादेव एप केस: पत्रकार शेफाली बग्गा से दूसरे दिन भी ED की पूछताछ, 30 लाख लेने के आरोपों की जांच तेज

महादेव एप केस: पत्रकार शेफाली बग्गा से दूसरे दिन भी ED की पूछताछ, 30 लाख लेने के आरोपों की जांच तेज

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग एप मामले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट और टीवी प्रेजेंटर एवं पत्रकार शेफाली बग्गा शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन रायपुर स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कार्यालय पहुंचीं। जांच अधिकारी उनसे कथित तौर पर बेटिंग एप के प्रमोशन, डिजिटल गतिविधियों और संदिग्ध वित्तीय नेटवर्क से जुड़े मामलों में पूछताछ कर रहे हैं। जांच के दायरे में यह आरोप भी है कि उन्होंने महादेव एप के प्रमोटर्स से कथित रूप से 30 लाख रुपये प्राप्त किए थे।

ईडी ने गुरुवार को भी शेफाली बग्गा से करीब पांच घंटे तक पूछताछ की थी। जांच एजेंसी के अनुसार, डिजिटल साक्ष्यों में उनके नाम से जुड़े कुछ अहम इनपुट मिलने के बाद उन्हें दोबारा तलब किया गया।

सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान बेटिंग एप से जुड़े प्रमोशनल वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल सामग्री एजेंसी के सामने आई है। इन्हीं तथ्यों के आधार पर शेफाली बग्गा से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

ईडी महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क के कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है। एजेंसी का आरोप है कि खंजन भारत में महादेव नेटवर्क से जुड़े हवाला लेनदेन और वित्तीय गतिविधियों का संचालन करता था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या शेफाली बग्गा दुबई और लंदन से संचालित कथित बेटिंग एप्स के प्रचार-प्रसार से जुड़ी थीं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

जांच एजेंसी के अनुसार, शेफाली बग्गा के एक टेलीग्राम चैनल की भी जांच की जा रही है। ईडी को संदेह है कि इस चैनल पर कथित रूप से गैरकानूनी बेटिंग से जुड़े प्रमोशनल कंटेंट और टिप्स साझा किए जाते थे।

इधर, महादेव एप मामले में कारोबारी विकास गर्ग की गिरफ्तारी और उनकी संपत्तियां अटैच किए जाने के बाद इस हाई प्रोफाइल मामले की जांच और तेज हो गई है।

नोट: शेफाली बग्गा के खिलाफ लगाए गए आरोप जांच एजेंसी के दावों और जांच का हिस्सा हैं। इन आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष अभी सामने नहीं आया है और मामले की जांच जारी है।