2019 के हत्या के प्रयास मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार, 8 साल बाद सुपेला पुलिस के हत्थे चढ़ा

भिलाई। हत्या के प्रयास के मामले में पिछले करीब आठ वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी वर्ष 2019 में शराब पीने के लिए पैसे मांगने के दौरान हुए विवाद में शामिल था।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2019 को प्रार्थी विनय यादव उर्फ नेपाली अपने एक साथी के साथ सुपेला स्थित शीतला तालाब के पास बैठा था। इसी दौरान आरोपी और उसके साथी ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि एक आरोपी ने विनय यादव को पकड़ लिया, जबकि दूसरे आरोपी ने धारदार हथियार से उसकी पीठ, कमर और दाहिने सीने पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चिकित्सकीय परीक्षण में गंभीर चोट की पुष्टि होने के बाद मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी गई।

मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका था, जबकि सह-आरोपी पोने सिंह (38 वर्ष) घटना के बाद से फरार था।
लगातार तलाश के दौरान सुपेला पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 17 जुलाई 2026 को आरोपी पोने सिंह, निवासी शंकर पारा, वार्ड-12, सुपेला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
