28 माह में रकम चार गुना करने का झांसा, 19 लाख की ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार

28 माह में रकम चार गुना करने का झांसा, 19 लाख की ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार

दुर्ग। ट्रेडिंग निवेश के नाम पर 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में उतई पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोप है कि महिला ने निवेशकों को 28 माह में राशि चार गुना करने और हर महीने 10 से 12 प्रतिशत रिटर्न का लालच देकर लाखों रुपये निवेश कराए थे।

पुलिस के अनुसार ग्राम जोरातराई निवासी दीपक कुमार अहिरवार ने थाना उतई में शिकायत दर्ज कराई थी कि तृप्ती साहू ने रैम्बो इंटरनेशनल ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कराने के नाम पर 19 लाख रुपये लिए थे। निवेश की अवधि पूरी होने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई और निवेशकों के साथ धोखाधड़ी की गई।

मामले की जांच के बाद थाना उतई में अपराध क्रमांक 389/2026 के तहत धारा 420 और 34 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान आरोपिया के एसबीआई, यस बैंक, केनरा बैंक और एचडीएफसी बैंक के खातों की जांच की गई, जिसमें लाखों रुपये के संदिग्ध और अनाधिकृत लेन-देन सामने आए।

पुलिस ने 20 जुलाई को आरोपी तृप्ती साहू (33 वर्ष), निवासी ग्राम असोगा, थाना रानीतराई, जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने निवेशकों से प्राप्त राशि का स्वयं उपयोग करने और अन्य लोगों को आर्थिक लाभ पहुंचाने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न बैंकों की पासबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड और एक कार (CG 07 CF 8179) जब्त की है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अधिक लाभ का लालच देने वाली किसी भी निवेश योजना, ट्रेडिंग कंपनी या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधानिकता की जांच अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध वित्तीय या साइबर धोखाधड़ी की जानकारी तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।