चंदनडीह में जलभराव से हाईवे पर रेंगते वाहन, सिरसा गेट मार्ग बंद
दुर्ग पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, रायपुर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय, यात्रियों से समय से पहले निकलने की अपील


दुर्ग। लगातार बारिश के कारण रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे पर कुम्हारी ओवरब्रिज के पास चंदनडीह क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बन गई है। इसके चलते हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया है और वाहनों की आवाजाही धीमी गति से हो रही है। वहीं निर्माण कार्य के कारण सिरसा गेट मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए भारी वाहनों और आम नागरिकों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। राजनांदगांव और बालोद की ओर से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को अंजोरा, पुलगांव, अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव, मोतीपुर और अमलेश्वर मार्ग से रायपुर भेजा जा रहा है।

वहीं ट्रांसपोर्ट नगर, भिलाई और नेशनल हाईवे से रायपुर जाने वाले वाहनों को अहिरवारा मोड़, कुम्हारी, मुरमुंडा चौक, कोचेबंद, मलपुरी कला, भालेसर, कंडरका चौक, पथरीडी, उरला और बिरगांव होकर रायपुर पहुंचने की सलाह दी गई है। भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारियों के लिए उतई, सेलूद, फूंडा और मोतीपुर मार्ग निर्धारित किया गया है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रायपुर की ओर यात्रा करने से पहले अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें, सिरसा गेट मार्ग का उपयोग न करें तथा पुलिस द्वारा निर्धारित डायवर्सन और वैकल्पिक मार्गों का पालन करें। पुलिस ने यह भी कहा है कि प्रभावित क्षेत्र में अनावश्यक रूप से प्रवेश करने से बचें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
