भिलाई में नशे के कारोबार पर वार: सेक्टर-6 में गांजा बेचने की तैयारी कर रहे अपचारी बालक से 2.21 किलो गांजा जब्त
मुखबिर की सूचना पर भिलाई नगर पुलिस की कार्रवाई, स्कूटी और नगदी समेत करीब ₹2 लाख की जब्ती, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

भिलाई। दुर्ग पुलिस के नशा विरोधी अभियान के तहत भिलाई नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-6 स्थित अक्षय पात्र के सामने गांजा बेचने की तैयारी कर रहे एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 2.210 किलोग्राम अवैध गांजा, एक स्कूटी और गांजा बिक्री से प्राप्त नगदी सहित करीब 2 लाख 240 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेक्टर-6 स्थित अक्षय पात्र के सामने एक युवक अपने साथी के साथ स्कूटी में गांजा रखकर ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की।

एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए पुलिस ने मौके से एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 2.210 किलोग्राम गांजा, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और गांजा बिक्री से प्राप्त नगदी बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 1.10 लाख रुपये, स्कूटी की कीमत 80 हजार रुपये तथा नगदी सहित कुल जब्ती का मूल्य लगभग 2 लाख 240 रुपये है।
भिलाई नगर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए अपचारी बालक को सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
