काम दिलाने के नाम पर महिला से ₹99 हजार लेने का आरोप, मारपीट और धमकी के मामले में आरोपी गिरफ्तार

काम दिलाने के नाम पर महिला से ₹99 हजार लेने का आरोप, मारपीट और धमकी के मामले में आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। काम दिलाने के नाम पर एक महिला से कथित तौर पर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और ₹99 हजार लेने के मामले में दुर्ग की मोहन नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से ₹10 हजार नकद जब्त किए जाने की जानकारी भी पुलिस ने दी है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया लता महिलांगे (37), निवासी कोहका कुरूद रोड, ढांचा भवन के पास, थाना जामुल ने 17 अक्टूबर 2026 को मोहन नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि सेक्टर-7 भिलाई निवासी शुभम सराहुकी (30) ने काम दिलाने के नाम पर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर उससे कुल ₹99 हजार प्राप्त किए। इसमें ₹80 हजार नकद और ₹19 हजार ऑनलाइन माध्यम से दिए जाने की बात कही गई है।

पांच धाराओं में अपराध दर्ज

शिकायत के आधार पर मोहन नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 759/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2), 308(2) और 308(3) के तहत मामला पंजीबद्ध किया। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।