डकैती कांड का खुलासा, अंतरजिला गिरोह के 8 आरोपी गिरफ्तार

डकैती कांड का खुलासा, अंतरजिला गिरोह के 8 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। कुरूद थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज डकैती की वारदात का धमतरी पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरजिला गिरोह के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एक्टिवा स्कूटी, वीवो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार 11 जुलाई 2026 की रात करीब 2 बजे ग्राम छाती निवासी विमल देशलहरे मगरलोड जाने के दौरान ग्राम मंदरौद मोड़ स्थित राजू फर्नीचर मार्ट के पास रुके हुए थे। इसी दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर 9 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और एक्टिवा स्कूटी लूट ली थी।

घटना के बाद कुरूद थाना में मामला दर्ज कर पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और वैज्ञानिक विवेचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर लूटी गई एक्टिवा उड़ीसा के नुवापाड़ा जिले के डरलीमुड़ा गांव से बरामद की गई। साथ ही मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार भी जब्त की गई।

जांच में सामने आया कि डकैती की घटना में पांच से अधिक लोगों की सक्रिय भूमिका थी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपियों में रायपुर, धमतरी, बालोद और ओडिशा के नुवापाड़ा जिले के निवासी शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।