इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

शटर तोड़कर 60 हजार रुपये चोरी करने की वारदात, स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने आरोपी को दबोचा, नगदी बरामद

इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। सुपेला थाना अंतर्गत पुलिस चौकी स्मृतिनगर ने दुकान में चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की नगदी राशि 8,950 रुपये बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार शांतिनगर भिलाई निवासी सुमंत कुमार मिश्रा ने 21 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी "पी. मिश्रा एण्ड इलेक्ट्रॉनिक्स" दुकान, जो कुरूद रोड कोहका स्थित है, में चोरी हो गई है। प्रार्थी ने बताया कि 18 जुलाई की रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह दुकान पहुंचने पर शटर टूटा हुआ मिला और गल्ले में रखी करीब 60 हजार रुपये की नगदी गायब थी।

रिपोर्ट के आधार पर स्मृतिनगर चौकी में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व संदेहियों से पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंच गई।

पूछताछ में आरोपी शक्ति सिंह ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर चोरी की रकम में से 8,950 रुपये बरामद कर जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शक्ति सिंह (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बैरिया जिला बलिया (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में रामनगर भिलाई में रह रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने रात के समय दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखी नगदी चोरी कर फरार हो गया था।

दुर्ग पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 को देने की अपील की है।