हनी ट्रैप और झूठे रेप केस की साजिश का खुलासा, पत्रकार समेत 5 पर एफआईआर

बलौदाबाजार। जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में हनी ट्रैप, ब्लैकमेलिंग और झूठे दुष्कर्म प्रकरण में फंसाने की कथित साजिश का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ग्राम कटगी के सरपंच के खिलाफ एक 18 वर्षीय युवती से दुष्कर्म की झूठी शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत की जांच में आरोप असत्य पाए जाने के बाद पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुए पांच लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि उसकी सहेली और उसके परिचित उसे यह कहकर अपने साथ ले गए कि एक युवती की मदद करनी है। इसी दौरान उसे ग्राम कटगी के सरपंच के खिलाफ दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाने के लिए तैयार किया गया। शिकायत दर्ज कराने के बाद उसे भरोसा दिलाया गया कि मामले के एवज में उसे तीन लाख रुपये दिलाए जाएंगे।
पुलिस द्वारा शिकायत की गहन जांच, संबंधित व्यक्तियों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के परीक्षण के दौरान यह सामने आया कि पूरे घटनाक्रम की पहले से योजना बनाई गई थी। जांच में ग्राम कटगी निवासी भागवत थवाईत, दीपक थवाईत, शिवा चेलक, एक युवती (ज्योति, बदला हुआ नाम) तथा पत्रकार विजय तिवारी की कथित संलिप्तता सामने आने का दावा किया गया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने युवती को बहला-फुसलाकर झूठी शिकायत दर्ज करवाई, ताकि ग्राम सरपंच को गंभीर आपराधिक मामले में फंसाया जा सके और उससे लाभ प्राप्त किया जा सके। जांच में शिकायत झूठी पाए जाने के बाद पुलिस ने इसे षड्यंत्र, ब्लैकमेलिंग और झूठे आरोप लगाकर फायदा उठाने की कोशिश का मामला माना है।
कसडोल थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2), 308(6), 217, 248(ख), 61(2) एवं 45 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।