1.95 लाख गबन करने वाला सेल्समैन गिरफ्तार, चोरी की एक्टिवा भी बरामद

नियोक्ता का पैसा बैंक में जमा करने के बजाय खर्च कर दिया, मेकाहारा गेट के पास से पुलिस ने दबोचा

1.95 लाख गबन करने वाला सेल्समैन गिरफ्तार, चोरी की एक्टिवा भी बरामद

रायपुर। राजधानी रायपुर में मौदहापारा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने अपने नियोक्ता की 1 लाख 95 हजार रुपये की रकम गबन कर ली थी और उसके पास से एक चोरी की एक्टिवा भी बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम अभिषेक प्रधान उर्फ बाबा (25 वर्ष) है, जो महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र के ग्राम जाडामुड़ा का रहने वाला है। वह रायपुर के एमजी रोड स्थित अशोक ब्रदर्स सेनेटरी दुकान में पिछले चार से पांच वर्षों से सेल्समैन और रिकवरी का काम करता था।

दुकान संचालक राजेश अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि 16 अगस्त 2025 को उन्होंने अभिषेक को 1,95,000 रुपये नकद आईसीआईसीआई बैंक में जमा करने के लिए दिए थे। लेकिन आरोपी ने रकम बैंक में जमा करने के बजाय अपने निजी खर्च में उपयोग कर लिया।

जब संचालक ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो आरोपी गायब मिला। इसके बाद अभिषेक के परिवार वालों ने सिविल लाइन थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मौदहापारा थाने में अपराध क्रमांक 233/25 धारा 316(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस टीम ने मुखबिर और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि अभिषेक मेकाहारा गेट के पास मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक एक्टिवा वाहन भी मिला, जिसके कोई वैध दस्तावेज वह पेश नहीं कर सका। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि यह वाहन बिलासपुर के तारबहार थाना क्षेत्र से चोरी किया गया था।

फिलहाल पुलिस ने चोरी के वाहन के मामले में भी आरोपी के खिलाफ धारा 35(1)(4) बीएनएस के तहत अलग से अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी वर्तमान में रायपुर के न्यू शांति नगर, शंकर नगर इलाके में रह रहा था।