दुर्ग में हत्या-लूट का खुलासा: फरार मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पत्थर से की थी बेरहमी से हत्या

लूट के विरोध पर भड़का विवाद, आरोपी के पास से नगदी और खून से सना तकिया बरामद

दुर्ग में हत्या-लूट का खुलासा: फरार मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पत्थर से की थी बेरहमी से हत्या

दुर्ग। हत्या और लूट के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेजा गया है।

मामला अपराध क्रमांक 413/26 का है, जिसमें धारा 103(1), 238 और 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेंद्र निषाद उर्फ बाठु के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर मृतक नारायण उर्फ रामनारायण से 2400 रुपये छीन लिए थे। जब मृतक ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों ने पहले हाथ-मुक्कों से मारपीट की और फिर उसे घसीटकर दुर्गा मंच के पास ले गए। यहां आरोपी ने पत्थर से मृतक के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के मेमोरण्डम के आधार पर लूटी गई रकम में से शेष 300 रुपये और घटना में इस्तेमाल किया गया खून से सना तकिया बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, पूरी वारदात लूट के पैसे को लेकर हुए विवाद के चलते हुई। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।