NH-49 पर दर्दनाक हादसा: ट्रेलर से टक्कर में छत्तीसगढ़ पुलिस के 5 कर्मियों की मौत, 3 गंभीर

झारसुगुड़ा। ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर और पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन के बीच आमने-सामने टक्कर में छत्तीसगढ़ पुलिस के पांच जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के मुताबिक पुलिस टीम नियमित पेट्रोलिंग पर थी। सदर थाना क्षेत्र के पास सामने से आ रहे ट्रेलर ने उनकी गाड़ी को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेट्रोलिंग वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों ने पांच जवानों के निधन की पुष्टि की है। तीन घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इस हादसे से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। दिवंगत जवानों को श्रद्धांजलि दी गई है।