गया नगर को मिलेगा बेहतर पेयजल, ₹1.21 करोड़ की राइजिंग पाइपलाइन परियोजना का शुभारंभ

गया नगर को मिलेगा बेहतर पेयजल, ₹1.21 करोड़ की राइजिंग पाइपलाइन परियोजना का शुभारंभ

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग ने गया नगर क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पानी टंकी तक फिल्टर प्लांट का पानी पहुंचाने के लिए लगभग ₹1.21 करोड़ (₹121.03 लाख) की लागत से होटल मान चौक से गया नगर तक राइजिंग पाइपलाइन विस्तार कार्य का सोमवार को शुभारंभ किया गया। महापौर अलका बाघमार ने विधिवत पूजा-अर्चना कर परियोजना की शुरुआत की।

इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता शहर के प्रत्येक घर तक स्वच्छ, पर्याप्त और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जलापूर्ति व्यवस्था का लगातार विस्तार और आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

महापौर ने बताया कि गया नगर में निर्माणाधीन उच्च स्तरीय जलागार के लिए यह राइजिंग पाइपलाइन बिछाई जा रही है। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त पानी मिलेगा और कम दबाव व अनियमित जलापूर्ति जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के सभी वार्डों में पेयजल, सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरे करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।

भूमिपूजन कार्यक्रम में निगम सभापति श्याम शर्मा, जल कार्य प्रभारी लीना दिनेश देवांगन, वित्त विभाग प्रभारी एवं वार्ड-3 के पार्षद नरेंद्र बंजारे, लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चंद्राकर सहित कई जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय नागरिकों और महिलाओं ने इस परियोजना का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में बेहतर पेयजल व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। पाइपलाइन विस्तार और निर्माणाधीन जलागार के पूरा होने के बाद आने वाले वर्षों में गया नगर की जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।