पुलिस का तड़के चार घंटे का मेगा अभियान: 34 पौवा अवैध शराब जब्त, 7 वारंटियों पर कार्रवाई
खुर्सीपार और जामुल में 50 पुलिस अधिकारियों की संयुक्त कार्रवाई, देवार बस्ती और अटल आवास में सघन चेकिंग, संदिग्धों का सत्यापन

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने अपराधियों और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए शनिवार तड़के खुर्सीपार और जामुल थाना क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से 8 बजे तक चले इस अभियान में 50 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध शराब जब्त की, वारंटियों की धरपकड़ की और संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) शोभराज अग्रवाल के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान खुर्सीपार थाना क्षेत्र की देवार बस्ती में एक व्यक्ति के कब्जे से 34 पौवा अवैध शराब बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने 2 स्थायी वारंट और 5 गिरफ्तारी वारंट का तामील किया। वहीं, एक गिरफ्तारी वारंटी की मृत्यु हो जाने पर नियमानुसार उसका मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस टीम ने जामुल थाना क्षेत्र के नालंदा परिसर के पीछे स्थित अटल आवास सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों का सत्यापन किया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस संयुक्त अभियान में खुर्सीपार, जामुल, नेवई, भिलाई भट्टी, एसीसीयू, यातायात शाखा और रक्षित केंद्र की टीमों ने भाग लिया। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास होने वाली अवैध शराब बिक्री, वारंटियों या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अपराध नियंत्रण के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
