पुलिस का अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान, 267 बदमाशों पर कार्रवाई

दुर्ग। जिले में अपराधों की रोकथाम और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। 20 से 26 अक्टूबर 2026 तक चले इस अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में चाकूबाजी करने वालों, गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों तथा गैंग हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत कुल 131 आपराधिक तत्वों का एमसीयू (मेजर कलेक्शन यूनिट) में डेटा रिकॉर्ड कराया गया। इस प्रक्रिया में संबंधित व्यक्तियों का बायोमेट्रिक और शारीरिक माप संबंधी डेटा संकलित किया जाता है, जिससे उनकी पहचान सुनिश्चित करने और पुलिस रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने में मदद मिलती है।
वहीं, शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित विवादों एवं उपद्रव की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में 136 आपराधिक तत्वों के विरुद्ध बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के जरिए संबंधित व्यक्तियों को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत शांति बनाए रखने के लिए पाबंद किया जाता है।