दुर्ग रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा: ट्रेन में चढ़ते समय फिसले ओरिएंटल इंश्योरेंस के क्षेत्रीय प्रबंधक, पटरी पर गिरने से मौत
रोजाना रायपुर ड्यूटी के लिए जाते थे संदीप कुमार सिन्हा, प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर हुआ हादसा


दुर्ग। दुर्ग रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक की मौत हो गई। ट्रेन में चढ़ने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वे पटरी पर गिर पड़े, जिससे उनका पैर कट गया और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार संदीप कुमार सिन्हा (58) निवासी वार्ड-58, कर्मचारी नगर दुर्ग, साईं मंदिर के पास रहते थे। वे ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी में क्षेत्रीय प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे और उनका कार्यालय रायपुर में था। गुरुवार सुबह वे रोज की तरह ट्रेन से रायपुर जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि वे ट्रेन क्रमांक 22845 पुणे-हटिया एक्सप्रेस में सवार होने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वे ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच पटरी पर जा गिरे। हादसे में उनका दाहिना पैर कट गया।
घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्टेशन प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण संदीप कुमार सिन्हा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर चलती या छूटती ट्रेन में चढ़ने-उतरने के दौरान बरती जाने वाली सावधानी की आवश्यकता को रेखांकित किया है।
