300 प्रतिबंधित टेबलेट और हथियार के साथ दो युवक गिरफ्तार

दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली टेबलेट की बिक्री करने की तैयारी कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 300 नग नशीली टेबलेट, दो धारदार हथियार और दो मोबाइल फोन सहित कुल 1.36 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 23 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंजपारा स्थित प्रियंका बोरवेल्स के पीछे मैदान में दो युवक प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दिपेश उर्फ आयुषदीप (21 वर्ष) निवासी उत्कल कॉलोनी, गंजपारा और कृष्णा कुमार सेन (19 वर्ष) निवासी डिपरापारा, दुर्ग बताया।
तलाशी के दौरान दिपेश के पास से 150 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, एक धारदार हथियार और एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं कृष्णा कुमार सेन के कब्जे से 150 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, एक धारदार हथियार और एक आईफोन एसई 2020 मोबाइल फोन जब्त किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 411/2026 के तहत धारा 21(ख) एनडीपीएस अधिनियम एवं 25 आयुध अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
