दूसरे के नाम पर फाइनेंस कराए iPhone, AC और LED TV, किस्त नहीं पटाकर लाखों की ठगी; आरोपी गिरफ्तार
परिचित के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर विभिन्न कंपनियों से इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदे, 1.73 लाख रुपये की बकाया राशि छोड़कर फरार हुआ आरोपी

दुर्ग। दूसरे व्यक्ति के नाम पर मोबाइल, एसी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान फाइनेंस कराकर उनकी किस्त नहीं चुकाने वाले आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर विभिन्न प्रतिष्ठानों से फाइनेंस के माध्यम से महंगे सामान प्राप्त किए और बाद में किस्तों का भुगतान बंद कर दिया, जिससे प्रार्थी और फाइनेंस कंपनियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका परिचित शेखर देशमुख अपने साथी अनुराग देशमुख के साथ आकाशगंगा सुपेला स्थित एक मोबाइल दुकान पहुंचा था। वहां प्रार्थी के नाम पर बजाज फाइनेंस के माध्यम से एप्पल कंपनी का आईफोन फाइनेंस कराया गया और मोबाइल अपने साथ ले गया। इसके बाद आरोपी और उसके साथियों ने प्रार्थी के नाम पर विभिन्न फाइनेंस कंपनियों से मोबाइल, एसी, एलईडी टीवी समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान भी फाइनेंस कराए।

शुरुआत में आरोपियों द्वारा कुछ किस्तों की राशि प्रार्थी के बैंक खाते में जमा कराई जाती रही, जिससे फाइनेंस की किश्तें समय पर कटती रहीं। बाद में आरोपियों ने राशि जमा करना बंद कर दिया। इसके चलते प्रार्थी के खाते से लगातार रकम कटती रही और विभिन्न फाइनेंस कंपनियों के प्रति 1 लाख 73 हजार 513 रुपये की देनदारी शेष रह गई। साथ ही प्रार्थी के खाते से 16 हजार रुपये की राशि भी कट गई। मामले की जांच के बाद थाना सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 833/2026 के तहत आरोपी शेखर देशमुख (26 वर्ष), निवासी केलाबाड़ी, थाना पद्मनाभपुर, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने दूसरे व्यक्ति के नाम और दस्तावेजों का उपयोग कर फाइनेंस सुविधा प्राप्त की तथा किस्तों का भुगतान नहीं कर अनुचित आर्थिक लाभ अर्जित करने का प्रयास किया। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
आरोपी का नाम :
1. शेखर देशमुख, उम्र 26 वर्ष, निवासी केलाबाड़ी, थाना पद्मनाभपुर, जिला दुर्ग (छ.ग.)
