ऑपरेशन विश्वास: दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 121 लोगों पर कार्रवाई; अवैध शराब बेचते 3 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन विश्वास" के तहत दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में बड़ी कार्रवाई करते हुए खुलेआम शराब पीने और अड्डेबाजी करने वाले 121 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। वहीं अवैध शराब बिक्री करते तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 91 पौवा शराब और नकदी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार 14 जून को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना पुलगांव, चौकी अंजोरा और थाना रानीतराई क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को अवैध शराब बेचते रंगे हाथों पकड़ा गया।

थाना पुलगांव क्षेत्र के ग्राम कोलिहापुरी तालाब के पास से तोमन लाल (34) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 28 पौवा शराब और बिक्री की रकम बरामद हुई। वहीं बाजार चौक रसमड़ा से धुरवा बरैय्या (59) के पास से 30 पौवा शराब और नकदी जब्त की गई। रानीतराई थाना क्षेत्र के कौही-अशोका मार्ग स्थित तालाब किनारे पुल के पास से बलदेव सोनी (66) को गिरफ्तार कर 33 पौवा शराब और बिक्री रकम बरामद की गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 91 पौवा अवैध शराब कीमती 9,100 रुपये और 1,370 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 10,470 रुपये बताया गया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इसके अलावा जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और अड्डेबाजी करने वाले 121 लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान कुम्हारी और भिलाई नगर थाना क्षेत्र में सर्वाधिक 12-12 लोगों पर कार्रवाई की गई। इसके बाद वैशाली नगर में 10, उतई में 9 तथा मोहन नगर, दुर्ग और नंदिनी नगर में 7-7 लोगों के खिलाफ कार्रवाई दर्ज की गई।
