रक्तदान से जनसेवा तक: भिलाई से शुरू हुई रक्त मीतान और एनीमिया मुक्त बचपन योजना

भिलाई। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर सेवक जन फाउंडेशन ने रक्तदान के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में दो महत्वपूर्ण योजनाओं "रक्त मीतान" और "एनीमिया मुक्त बचपन" की घोषणा की। कला मंदिर सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 192 यूनिट रक्तदान किया गया तथा 200 से अधिक सामाजिक संस्थाओं और समाजसेवियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, बीएसएफ आईजी संजय पंत, बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एन.के. बंछोर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 70 से अधिक लोगों की ब्लड शुगर जांच भी की गई।

संस्था के अध्यक्ष विकास जायसवाल ने बताया कि "रक्त मीतान" योजना के तहत जिलेवार रक्तदाताओं और स्वयंसेवकों का एक संगठित नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इससे जरूरतमंद मरीजों को आपात स्थिति में समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। वहीं "एनीमिया मुक्त बचपन" अभियान के अंतर्गत सरकारी स्कूलों के बच्चों के हीमोग्लोबिन स्तर की जांच की जाएगी। जिन बच्चों में खून की कमी या अन्य रक्त संबंधी समस्या पाई जाएगी, उनकी विशेषज्ञों की निगरानी में आगे की जांच और आवश्यक उपचार कराया जाएगा। इस अभियान में स्टारलाइट फाउंडेशन और शौर्य युवा संगठन सहयोगी की भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि संस्था की दोनों नई पहल स्वास्थ्य के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने वाली साबित हो सकती हैं। वहीं अन्य अतिथियों ने भी रक्तदान को मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम बताते हुए इस तरह के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में समाजसेवी, स्वयंसेवक और नागरिक कार्यक्रम में मौजूद रहे।
