रेल कर्मचारियों के बच्चों को मिला विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

छत्तीसगढ़िया रेलवे कर्मचारी-अधिकारी संगठन का आयोजन

रेल कर्मचारियों के बच्चों को मिला विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

भिलाई। छत्तीसगढ़िया रेलवे कर्मचारी-अधिकारी संगठन, शाखा भिलाई-चरोदा के तत्वावधान में रेल कर्मचारियों के बच्चों के लिए "कैरियर मार्गदर्शन एवं प्रेरणा सत्र" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देना तथा उनके व्यक्तित्व और बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करना था।

संगठन ने बताया कि वह प्रदेशभर में अपनी विभिन्न शाखाओं के माध्यम से रेलवे में कार्यरत छत्तीसगढ़िया कर्मचारी-अधिकारियों के बीच आपसी सद्भाव और एकता को मजबूत करने के लिए कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को उनके भविष्य और कैरियर चयन को लेकर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक एवं तीरंदाजी प्रशिक्षक उमेश बघेल, आईटी एवं सॉफ्टवेयर इंजीनियर सागर साहू, छत्तीसगढ़ उद्योग एवं व्यापार महासंघ के अध्यक्ष शेखर वर्मा, रायपुर डिफेंस अकादमी के डायरेक्टर भूपेंद्र शर्मा, आरएच मेडिकल कॉलेज के व्याख्याता डॉ. प्रेम लाल साव तथा छत्तीसगढ़ उद्योग एवं व्यापार महासंघ के सचिव कुबेर चंद्राकार ने विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में कैरियर की संभावनाओं और सफलता के लिए आवश्यक कौशलों की जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन महिला छत्तीसगढ़िया रेलवे कर्मचारी संगठन की अध्यक्ष रामेश्वरी साहू एवं मंडल अध्यक्ष तीजराम वर्मा ने किया। इस अवसर पर संगठन के शाखा अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव प्रमोद कुमार, उपाध्यक्ष रूपेश कुमार वर्मा और लक्ष्मी प्रसाद साहू, कोषाध्यक्ष रूपेश कुमार, सह-सचिव विनय वर्मा एवं कौशल घृतलहरे, सह-कोषाध्यक्ष कमलेश यादव, धर्मेंद्र दीवान, महेश्वर महंत, सांस्कृतिक सचिव संतोष कूर्रे, राजेश साहू, योगेश्वर प्रजापति और संतोष बघेल सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।