विश्व पर्यावरण दिवस पर कसौली कैंप में हुआ पौधारोपण, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

विश्व पर्यावरण दिवस पर कसौली कैंप में हुआ पौधारोपण, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

दंतेवाड़ा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दंतेवाड़ा जिले के कसौली स्थित प्रथम बटालियन की बी कंपनी कैंप में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी घनश्याम सिंह द्वारा उप पुलिस महानिरीक्षक एवं सेनानी राजेश कुकरेजा तथा दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक गौरव राय के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ जनपद पंचायत अध्यक्ष शकुंतला भास्कर, सरपंच शैलेश अटामी, उपसरपंच चैत राम भास्कर तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर प्रभारी घनश्याम सिंह ने कार्यक्रम में शामिल जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पेड़ हमारे जीवन के सबसे बड़े रक्षक हैं। अधिक से अधिक वृक्षारोपण से न केवल ऑक्सीजन की उपलब्धता बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने सभी लोगों से अधिक संख्या में पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।