बीएसपी से 90 लाख का लौह स्क्रैप चोरी मामला: क्रेन ऑपरेटर गिरफ्तार, अब तक 5 आरोपी जेल भेजे गए

बीएसपी से 90 लाख का लौह स्क्रैप चोरी मामला: क्रेन ऑपरेटर गिरफ्तार, अब तक 5 आरोपी जेल भेजे गए

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से संगठित तरीके से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुरानी भिलाई पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सांई एसोसिएट्स के क्रेन ऑपरेटर रविन्द्र साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर ग्राम अकलोरडीह स्थित ए.के. ट्रेडर्स परिसर में छापेमारी की गई। जांच के दौरान कई वाहनों में फ्लू डस्ट के साथ बीएसपी का लौह स्क्रैप, लोहे की प्लेटें और बीम कटिंग भरी हुई मिली। मौके पर बड़ी मात्रा में लौह सामग्री के ढेर के साथ जेसीबी, हाईड्रा, ट्रक और अन्य मशीनें भी बरामद की गईं, जिनका उपयोग स्क्रैप की लोडिंग और परिवहन में किया जा रहा था।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 250 टन लौह स्क्रैप, जिसकी कीमत लगभग 90 लाख रुपये आंकी गई है, जब्त किया। जब्त वाहनों और मशीनों सहित कुल बरामदगी का मूल्य करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपये बताया गया है।

इस मामले में पहले ही चिंतानंद साहू, जितेश वर्मा, मिथेन ठाकुर और निर्मल सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर रविन्द्र साहू की संलिप्तता सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में रविन्द्र साहू ने स्वीकार किया कि मुख्य आरोपी संजय सिंह के निर्देश पर वह मैग्नेटिक क्रेन के माध्यम से बीएसपी के लौह स्क्रैप को फ्लू डस्ट परिवहन करने वाले वाहनों में लोड करता था। पुलिस के मुताबिक, गिरोह पिछले 4 से 5 महीनों से इसी तरीके से बीएसपी का लोहा चोरी कर रहा था। फिलहाल मुख्य आरोपी संजय सिंह सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी रविन्द्र साहू निवासी बस स्टेण्ड भिलाई-03