CID ASP की पत्नी ने पंखे से लटककर दी जान | मायके पक्ष ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में सीआईडी में तैनात एएसपी मुकेश प्रताप सिंह की पत्नी नितेश सिंह (38 साल) ने बुधवार को आत्महत्या कर ली। नितेश का शव लखनऊ पुलिस लाइन स्थित ट्रांजिट हॉस्टल में पंखे से लटका मिला। इस घटना के बाद नितेश के भाई फिरोजाबाद के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमोद कुमार और पिता ने एएसपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार घटना के समय एएसपी अपने दफ्तर में थे। घर पर उनकी 12 साल की बेटी अनन्या और पत्नी नितेश मौजूद थीं। अनन्या शाम 4 बजे कमरे से बाहर निकली तो मां को फंदे पर लटका पाया। अनन्या ने इसकी जानकारी अपने पिता को दी। वहीं दूसरी ओर नितेश के भाई और फिरोजाबाद के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने आरोप लगाया है कि एएसपी की एक महिला से नजदीकियां थीं। इसको लेकर आए दिन पति-पत्नी में विवाद होता था। पति की प्रताड़ना से तंग आकर उनकी बहन ने जान दी है। पति से विवाद की वजह से ही नितेश 7 माह से मायके में रह रही थी। मायके पक्ष ने साजिशन जान देने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। नितेश के भाई प्रमोद कुमार के अनुसार पति की हरकतों की वजह से बहन तनाव में थी। नितेश का 12 वर्ष का बेटा अनिकेत ऑटिज्म पीड़ित है। पुलिस लाइन पहुंचे प्रमोद का आरोप है कि बेटे की बीमारी को लेकर दंपती में अक्सर विवाद होता था। एएसपी अक्सर नितेश से कहते थे कि तू पागल, तेरा बेटा पागल।
मंगलवार को भी एएसपी ने यही बात दोहराई, जिसके बाद दोनों में झगड़ा हुआ। आरोप है कि तानों से परेशान होकर नितेश ने अनिकेत को मारने की कोशिश की। इसका वीडियो एएसपी ने नितेश के मायके वालों को भेजा था। प्रमोद ने इस बारे में बहन से बात भी की थी। आरोप है कि एएसपी ने प्लानिंग के तहत सीसीटीवी कैमरे लगवाए। इसके बाद नितेश को इस कदर प्रताड़ित किया कि वह आत्महत्या कर ले और एएसपी खुद को निर्दोष साबित कर सकें। एएसपी के भाई हमीरपुर में तहसीलदार अभिनव चंद्रा के मुताबिक नितेश 2012 से बीमार थीं। उनका आरोप है कि मंगलवार को नितेश ने ऑटिज्म पीड़ित बेटे को तकिया से मुंह दबाकर मारने की कोशिश की थी। इसका वीडियो भी है। मामले की जानकारी होने पर मुकेश ने बेटे को इटावा भेज दिया था, जिससे वह परेशान थीं।