शंकर नगर में गांजा बेचते 20 साल का युवक गिरफ्तार, 1 किलो 300 ग्राम गांजा और ₹700 नकद जब्त

दुर्ग। सूखे नशे के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में मोहन नगर पुलिस ने शंकर नगर पानी टंकी के पास गांजा बेचने की सूचना पर घेराबंदी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त होने की आशंका में 700 रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार मोहन नगर थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ की बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल शंकर नगर पानी टंकी के पास पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने से पहले ही टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस द्वारा नियमानुसार तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर गांजा 1 किलो 300 ग्राम पाया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत पुलिस ने 60 हजार रुपए बताई है। इसके साथ ही आरोपी के पास से 700 रुपए नगद भी मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
उरला का रहने वाला है आरोपी
पूछताछ और जांच में आरोपी की पहचान मोनू विश्वकर्मा, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 58, ब्लॉक 43, बांबे आवास, उरला, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी सार्वजनिक स्थान के पास गांजा अपने कब्जे में रखकर उसकी बिक्री करने की गतिविधि में संलिप्त था। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में उसे मौके से गांजा सहित पकड़ा गया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
मोहन नगर थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 617/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 20(ख), 27(क) NDPS Act के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। दुर्ग पुलिस की ओर से जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
