सब्जी मंडी में नशे की 600 गोलियाें समेत युवक गिरफ्तार, ₹2.40 लाख की नशीली दवाएं और नकद जब्त

सब्जी मंडी में नशे की 600 गोलियाें समेत युवक गिरफ्तार, ₹2.40 लाख की नशीली दवाएं और नकद जब्त

दुर्ग। सूखे नशे के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में मोहन नगर पुलिस ने धमधा रोड सब्जी मंडी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 600 नग नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद टैबलेट की अनुमानित कीमत 2 लाख 40 हजार रुपए बताई है। आरोपी के कब्जे से 230 रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार मोहन नगर थाना क्षेत्र में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार की सूचना मिली थी। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम ने धमधा रोड सब्जी मंडी क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई। संदिग्ध गतिविधि की पुष्टि होने पर टीम ने घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ा। पुलिस ने संदिग्ध युवक को रोककर नियमानुसार तलाशी ली। उसके कब्जे से 600 नग अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक इन नशीली दवाओं की अनुमानित कीमत ₹2.40 लाख है। इसके अलावा युवक के पास से ₹230 नकद भी मिला, जिसे जब्त कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान कृष्णा दास मानिकपुरी, उम्र 25 वर्ष, निवासी कुदरा पारा, ग्रीन चौक, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी नशीली टैबलेट को अवैध रूप से अपने कब्जे में रखकर बिक्री अथवा सप्लाई के उद्देश्य से ले जा रहा था। पुलिस अब नशीली दवाओं की खेप के स्रोत और संभावित खरीदारों के संबंध में भी जांच कर रही है। मोहन नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 616/2026 दर्ज किया है। उसके विरुद्ध धारा 8, 22 एवं 27(क) एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।