अतिक्रमण हटाने, हाईवे पेट्रोलिंग बढ़ाने, अंडरब्रिज सुधार और स्कूलों के आसपास नशे के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
दुर्ग में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, हादसों और मौतों में आई कमी, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

दुर्ग। जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से सड़क सुरक्षा उपायों की लगातार समीक्षा और विभिन्न विभागों की संयुक्त कार्रवाई के चलते जिले में सड़क दुर्घटनाओं और दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में कमी दर्ज की गई है।

बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। हाई मास्क लाइट, क्रैश बैरियर, रंबल स्ट्रिप, डिवाइडर निर्माण, सर्विस लेन, संकेतक बोर्ड, प्रकाश व्यवस्था, रेडियम स्टिकर, पार्किंग व्यवस्था और अंडरब्रिजों की सफाई जैसे कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्य जल्द पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने नगर निगम, पुलिस और राजस्व विभाग को सड़कों से नियमित अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। वहीं नेहरू नगर-अंजोरा बायपास स्थित झरोखा बोगदा पुलिया के पास जाम की समस्या दूर करने के लिए एनएचएआई को समानांतर पुलिया निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजने को कहा।
बैठक में सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों को गौधाम में रखने और उनके चारा-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सीएमएचओ को हाईवे पेट्रोलिंग के लिए एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
बैठक से पहले आयोजित जिला स्तरीय नारकोटिक्स नियंत्रण समिति की बैठक में स्कूलों के 500 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। मादक पदार्थों के परिवहन में जब्त वाहनों पर कार्रवाई तेज करने के लिए आबकारी विभाग को भी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
