भाजपा कार्यकर्ताओं की बेटियों के लिए बड़ी सौगात, जन्म पर ₹21 हजार की एफडी कराएंगे विधायक रिकेश सेन

10 अगस्त 2026 से लागू होगी कन्या भविष्य सुरक्षा योजना, 18 साल बाद परिपक्व होकर मिलेगी करीब ₹1 लाख की राशि

भाजपा कार्यकर्ताओं की बेटियों के लिए बड़ी सौगात, जन्म पर ₹21 हजार की एफडी कराएंगे विधायक रिकेश सेन

भिलाई। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों के लिए एक नई सामाजिक सुरक्षा योजना की घोषणा की है। 10 अगस्त 2026 से वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं के घर बेटी के जन्म पर उसके नाम ₹21 हजार की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) कराई जाएगी। 18 वर्ष की अवधि पूरी होने पर यह राशि बढ़कर करीब ₹1 लाख हो जाएगी।

विधायक रिकेश सेन ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य भाजपा कार्यकर्ताओं की बेटियों का भविष्य आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाना है, ताकि उच्च शिक्षा, आत्मनिर्भरता या विवाह जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर परिवार को आर्थिक सहयोग मिल सके।

उन्होंने कहा कि बेटी परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। इसी सोच के साथ कन्या भविष्य सुरक्षा योजना शुरू की जा रही है।

रिकेश सेन ने बताया कि इससे पहले भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए स्वास्थ्य, बीमा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी आठ कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की जा चुकी है, जिनका लाभ भी 10 अगस्त 2026 से मिलना शुरू होगा।

विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता केवल विकास कार्य नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के जीवन को अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक बनाना भी है। इसी उद्देश्य से क्षेत्र में मां-शिशु सुरक्षा कवच योजना, निःशुल्क एक्स-रे, सोनोग्राफी, डायलिसिस, मोतियाबिंद ऑपरेशन और पावर चश्मा वितरण जैसी स्वास्थ्य सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं।