भिलाई वैशालीनगर विधायक रिकेश सेन के बड़े भाई दिनेश सेन का निधन, सीएम विष्णुदेव साय ने जताया शोक

इलाज के दौरान अस्पताल में ली अंतिम सांस, आज शाम 4 बजे निकलेगी अंतिम यात्रा

भिलाई वैशालीनगर विधायक रिकेश सेन के बड़े भाई दिनेश सेन का निधन, सीएम विष्णुदेव साय ने जताया शोक

भिलाई। वैशाली नगर भिलाई के विधायक रिकेश सेन के बड़े भाई दिनेश सेन का शनिवार रात निधन हो गया। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया गया कि दिनेश सेन पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान शनिवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि वैशाली नगर (भिलाई) के विधायक श्री रिकेश सेन जी के बड़े भाई दिनेश सेन जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

वहीं विधायक रिकेश सेन ने भी भावुक संदेश जारी करते हुए कहा कि अत्यंत दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि उनके बड़े भाई श्री दिनेश सेन जी का 17 मई 2026 की रात्रि अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उन्होंने बताया कि अंतिम यात्रा उनके निवास स्थान वैशाली नगर से आज शाम 4 बजे राम नगर मुक्तिधाम, भिलाई के लिए निकलेगी।

दिनेश सेन के निधन की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समर्थकों और सामाजिक संगठनों द्वारा लगातार शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने उनके निवास पहुंच रहे हैं।