जमीन खरीदी बिक्री धोखाधड़ी मामले में भाजपा-कांग्रेस नेता सहित 7 लाेगों पर अपराध दर्ज

जमीन खरीदी बिक्री धोखाधड़ी मामले में भाजपा-कांग्रेस नेता सहित 7 लाेगों पर अपराध दर्ज

सरगुजा। जमीन खरीदी बिक्री धोखाधड़ी के केस में कोर्ट के आदेश के बाद जिले के भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया और कांग्रेस के जिला महामंत्री राजीव अग्रवाल सहित कुल 7 लोगों के खिलाफ गांधीनगर थाना में अपराध दर्ज किया गया है। इन सभी पर जमीन के तय राशि विक्रेता को नहीं देने पर का आरोप है।

जानकारी के अनुसार अंबिकापुर भगवानपुर निवासी चंद्रमणी कुशवाहा और भैयाथान निवासी कलावती कुशवाहा दोनों ने एडवोकेट के माध्यम से CJM न्यायालय में फर्जीवाड़े को लेकर परिवाद पेश किया था। परिवाद में बताया गया कि दोनों बहनें अनपढ़ हैं और गृहिणी हैं। उनकी भगवानपुर स्थित पैतृक भूमि, रकबा 2.870 हेक्टेयर के राजस्व अभिलेखों में भाई रघुवर कुशवाहा और छतरू कुशवाहा का नाम दर्ज था। दोनों बहनों ने राजस्व अभिलेखों में नाम चढ़वाने और बंटवारे के लिए एडवोकेट दिनेश कुमार सिंह से संपर्क किया। दोनों के भाई बंटवारे के लिए सहमत नहीं थे। एडवोकेट दिनेश सिंह पर विश्वास करते हुए उन्होंने सभी दस्तावेज उन्हें सौंप दिए।

एडवोकेट ने दोनों बहनों को दोबारा बुलाकर एक भूमि बिक्रीनामा एग्रीमेंट 21 नवंबर 2016 को उपपंजीयक कार्यालय अंबिकापुर में कराया। यह एग्रीमेंट 1,13,00,000 रुपए में हुआ है। इसमें 5,50,000 रुपए की राशि देना लिखा गया। राशि की पावती के रूप में इसी एग्रीमेंट को माना गया है। जबकि दोनों को मात्र 50,000 रुपए की राशि एग्रीमेंट के समय प्रदान की गई है। एग्रीमेंट के दौरान चेक से राशि का भुगतान किया जाना था, लेकिन कोई भुगतान चेक से नहीं किया गया। एग्रीमेंट में भारत सिंह सिसोदिया, रविकांत सिंह, नीरज प्रकाश पांडेय, राजेश सिंह, और नीलेश सिंह ने बतौर गवाह हस्ताक्षर किया है। मामला कोर्ट में पहुंचने के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया गया।