घर के बाहर से स्कूटी चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने वाहन किया बरामद

आर्य नगर कोहका से चोरी हुई थी Honda Activa 5G, स्मृतिनगर पुलिस ने सेक्टर-4 से आरोपी को पकड़ा

घर के बाहर से स्कूटी चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने वाहन किया बरामद

भिलाई। आर्य नगर, कोहका में मकान से स्कूटी चोरी के मामले में स्मृतिनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई Honda Activa 5G स्कूटी भी बरामद कर जब्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आर्य नगर, कोहका निवासी मनीष वैष्णव ने 3 नवंबर को चौकी स्मृतिनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 2 नवंबर की रात करीब एक बजे उनके मकान से सफेद रंग की Honda Activa 5G स्कूटी क्रमांक CG 07 BU 1462 अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना सुपेला की चौकी स्मृतिनगर में अपराध क्रमांक 1657/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी स्मृतिनगर और विशेष पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी जानकारी और मैदानी स्तर पर जुटाए गए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-4, सड़क नंबर 19 से गौतम ठाकुर को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया।

इसके बाद आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस टीम लाल मैदान, कोहका के पास पहुंची। वहां छिपाकर रखी गई चोरी की स्कूटी क्रमांक CG 07 BU 1462 बरामद कर जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी गौतम ठाकुर (20 वर्ष), निवासी सनातन नगर, सड़क नंबर 5, कोहका को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।