पत्थर खदान में डूबे 22 वर्षीय युवक का शव बरामद, SDRF की डीप डाइविंग टीम ने 30 फीट गहराई से निकाला

पत्थर खदान में डूबे 22 वर्षीय युवक का शव बरामद, SDRF की डीप डाइविंग टीम ने 30 फीट गहराई से निकाला

दुर्ग/बेमेतरा। बेरला थाना क्षेत्र के ग्राम चंडी भाठा स्थित पत्थर खदान में नहाने के दौरान डूबे 22 वर्षीय युवक का शव एसडीआरएफ की टीम ने दूसरे दिन सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बरामद कर लिया। करीब 30 फीट गहरे पानी में डीप डाइविंग कर एसडीआरएफ के विशेषज्ञों ने शव को बाहर निकाला और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार, 9 अगस्त की शाम करीब 6 बजे चार दोस्त चंडी भाठा की पत्थर खदान में नहाने गए थे। इसी दौरान हर्ष दास पिता गोपाल दास, उम्र 22 वर्ष, निवासी भानपुरी रायपुर गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलने के बाद SDRF को इसकी जानकारी दी गई। जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम 10 अगस्त की सुबह करीब 5:30 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने के बाद टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

डीप डाइविंग एक्सपर्ट राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने करीब 30 फीट गहरे पानी में उतरकर तलाशी अभियान चलाया। लगभग सुबह 8:15 बजे दोनों विशेषज्ञों को सफलता मिली और युवक का शव बरामद कर लिया गया। इसके बाद शव को पुलिस के सुपुर्द किया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में प्रभारी धनीराम यादव के साथ जवान चंद्रप्रताप, राजकुमार यादव, राजेश नेताम, रमेश रात्रे, भूपेंद्र सिंह, कुंजेश कुमार, भानुप्रताप, सूरज भांडेकर, ओंकार और शारदा प्रसाद शामिल रहे।