पिंक पेट्रोलिंग का एक्शन: स्कूल में शराबखोरी करने वाले 2 गिरफ्तार, छात्रा से छेड़छाड़ और धमकी देने वाला भी दबोचा

दुर्ग पुलिस का जिलेभर में अभियान जारी, स्कूल-कॉलेजों के आसपास असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी, छात्राओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई

पिंक पेट्रोलिंग का एक्शन: स्कूल में शराबखोरी करने वाले 2 गिरफ्तार, छात्रा से छेड़छाड़ और धमकी देने वाला भी दबोचा

दुर्ग। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दुर्ग पुलिस का पिंक पेट्रोलिंग अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। अभियान के तहत एक ओर जहां सुपेला थाना क्षेत्र में शासकीय विद्यालय परिसर में बैठकर शराब पी रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया गया, वहीं पुलगांव थाना अंतर्गत चौकी अंजोरा क्षेत्र में कॉलेज जा रही छात्रा का पीछा कर छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन जब्त किया गया।

दुर्ग पुलिस के अनुसार जिलेभर में स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों, बस स्टॉप, पार्क और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पिंक पेट्रोलिंग टीम लगातार गश्त कर रही है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। साथ ही छेड़छाड़, पीछा करने, नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि सुपेला थाना क्षेत्र के रावणभाठा स्थित शासकीय विद्यालय परिसर में दो युवक खुलेआम शराब पी रहे हैं। सूचना मिलते ही पिंक पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। मेडिकल परीक्षण में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत अपराध दर्ज किया गया। साथ ही बीएनएसएस की प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।

इसी अभियान के दौरान पुलगांव थाना की चौकी अंजोरा में एक छात्रा ने शिकायत दर्ज कराई कि कॉलेज जाते समय एक युवक लगातार उसका पीछा करता था। आरोपी ने रास्ता रोककर बातचीत करने का दबाव बनाया, विरोध करने पर गाली-गलौज की, हाथ पकड़कर मारपीट की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी आशीष कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन भी जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया।

पुलिस ने बताया कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा में बाधा डालने वाले तथा सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।