रील के चक्कर में सड़क पर स्टंट पड़ा भारी, वायरल वीडियो से युवक तक पहुंची उतई पुलिस
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पल्सर बाइक चालक पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई, दोबारा स्टंट न करने की दी गई चेतावनी

दुर्ग। सोशल मीडिया पर वायरल स्टंटबाजी का वीडियो एक युवक के लिए मुसीबत बन गया। सार्वजनिक सड़क पर पल्सर मोटरसाइकिल से खतरनाक स्टंट कर रील बनाने वाले युवक के खिलाफ उतई पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन विश्वास के तहत सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लिया गया, जिसमें पल्सर बाइक क्रमांक CG 07 LW 8684 का चालक सड़क पर स्टंट करते हुए आम लोगों के आवागमन में बाधा डाल रहा था। जांच के बाद चालक की पहचान सौरभ टंडन (23 वर्ष), निवासी नेवईभाठा, थाना नेवई, जिला दुर्ग के रूप में हुई।

उतई पुलिस ने युवक को थाने बुलाकर मोटर व्हीकल अधिनियम की धारा 128/194, 129/194, 184, 3/181 एवं 146/196 के तहत कार्रवाई की। पुलिस ने भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने और दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने की सख्त समझाइश भी दी।
पुलिस के अनुसार, युवक ने सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक स्टंट किया, जिससे उसकी खुद की जान के साथ अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए सड़क पर स्टंटबाजी या लापरवाही से वाहन न चलाएं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
