आधार ऑपरेटरों का प्रशिक्षण, नामांकन और अपडेट सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने पर जोर
यूआईडीएआई के नवीनतम दिशा-निर्देशों की दी गई जानकारी, 62 ऑपरेटरों ने लिया प्रशिक्षण

दुर्ग। आधार नामांकन और अपडेट सेवाओं को अधिक गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को दुर्ग में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशन में लोक निर्माण विभाग के मीटिंग हॉल में आयोजित इस एक दिवसीय प्रशिक्षण में दुर्ग जिले के 58 और खैरागढ़ जिले के 4 आधार ऑपरेटरों सहित कुल 62 ऑपरेटरों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के असिस्टेंट मैनेजर मो. सौबान मोहिदीन ने दिया। उन्होंने ऑपरेटरों को यूआईडीएआई के नवीनतम दिशा-निर्देशों के अनुरूप आधार नामांकन और अपडेट प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान दस्तावेज़ सत्यापन, तकनीकी अपडेट, जन्मतिथि संशोधन, जेंडर लिमिट क्रॉस, नाम लिमिट क्रॉस, पेनल्टी से जुड़े प्रावधानों के साथ आधार रद्द और निष्क्रिय मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। ऑपरेटरों द्वारा पूछे गए तकनीकी और कार्य संबंधी सवालों का भी मौके पर समाधान किया गया। कार्यक्रम में ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक, जिला समन्वयक और एमटीओ भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से आधार सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और नागरिकों को अधिक सटीक, पारदर्शी तथा सुविधाजनक सेवाएं मिल सकेंगी।
